27 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में महेश सिंह यादव कॉलेज परिसर में 16वें संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन एवं ओपनिंग एड्रेस कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रोहित चौहान ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में कुल 350 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं और यह शिविर 6 जनवरी से 15 जनवरी तक चलेगा।
कर्नल रोहित चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना है। प्रारंभिक चरण में कैडेटों को फिजिकल ट्रेनिंग, ड्रिल, फायरिंग एवं फायरिंग सिम्युलेटर का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट से संबंधित कक्षाओं के माध्यम से कैडेटों को सैन्य कौशल की महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की जा रही हैं।
शिविर के दौरान कैडेटों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद, क्विज और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इससे कैडेटों में टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी।
कर्नल चौहान ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर कैडेटों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक और अनुशासित युवा के रूप में समाज के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के सफल संचालन में एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ एवं महेश सिंह यादव कॉलेज प्रशासन की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
