दूसरे खेलो इंडिया बीच गेम्स की शुरुआत आज से दीव के प्रसिद्ध घोघला बीच पर होने जा रही है। इस बहुप्रतीक्षित आयोजन में देशभर से 2,100 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और आठ अलग-अलग बीच स्पोर्ट्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन खेलों का आयोजन केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव द्वारा किया जा रहा है।
खेलो इंडिया बीच गेम्स का आयोजन 5 जनवरी से 10 जनवरी तक किया जाएगा। प्रतियोगिताएं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और विभिन्न राष्ट्रीय खेल महासंघों की तकनीकी देखरेख में संपन्न होंगी। इस दौरान छह खेलों को पदक प्रतियोगिता के रूप में शामिल किया गया है, जिनमें बीच सॉकर, बीच वॉलीबॉल, बीच सेपक टकरॉ, बीच कबड्डी, पेनकक सिलाट और ओपन वाटर स्विमिंग शामिल हैं।
इसके अलावा मल्लखंब और रस्साकशी (टग ऑफ वॉर) को गैर-पदक खेलों के रूप में रखा गया है, जिनका उद्देश्य पारंपरिक और सामूहिक खेलों को बढ़ावा देना है।
केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि खेलो इंडिया बीच गेम्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन के अनुरूप हैं, जिसके तहत देश में खेलों की संस्कृति विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहन मिलता है और वे स्वस्थ नागरिक बनते हैं।
