भारतीय खेल प्राधिकरण के नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (NIS), पटियाला में 30 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक 7वीं NTPC पैरा नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। पंजाब आर्चरी एसोसिएशन की मेजबानी में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 20 से अधिक राज्यों से करीब 190 पैरा तीरंदाज भाग ले रहे हैं।
इस चैंपियनशिप की खास बात यह है कि इसमें पद्म श्री से सम्मानित हरविंदर सिंह, अर्जुन अवॉर्डी राकेश कुमार और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता शीतल देवी जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और भी ऊंचा हो गया है।
इस बार चैंपियनशिप में कई नई और महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उभरते खिलाड़ियों के लिए ‘स्पेशल क्लासिफिकेशन ड्राइव’ शुरू की गई है, वहीं पहली बार ‘ब्लाइंड आर्चरी’ को राष्ट्रीय स्तर पर शामिल किया गया है, जिसे एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए कहा कि पटियाला का माहौल तीरंदाजी के लिए बेहद अनुकूल है। ऐसे मंचों के माध्यम से युवा और नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय सितारों से सीखने का अवसर मिलता है। आयोजकों के अनुसार, वर्ष 2016 की तुलना में इस बार खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या पैरा खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि का प्रतीक है।
आयोजकों और खिलाड़ियों ने मीडिया से अपील की है कि इस ऐतिहासिक चैंपियनशिप को व्यापक कवरेज दी जाए, ताकि दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल और अधिक बढ़ सके।
