दक्षिण से OBC तक- कांग्रेस के हर भ्रामक दावे का मंत्री गौर ने दिया जवाब
नारी शक्ति संशोधन विधेयक पर विधानसभा में चर्चा के दौरान राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस विधेयक को रोकने के लिए “भ्रामक और तर्कहीन दलीलों” का सहारा लिया, लेकिन उनके सभी दावों की सच्चाई सामने आ गई।
मंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि कांग्रेस का पहला भ्रम यह था कि इस प्रस्ताव से दक्षिण भारत के राज्यों को सीटों का नुकसान होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के प्रस्ताव में सभी राज्यों में सीटों की संख्या 50% के समान अनुपात से बढ़ाने का प्रावधान है, जिससे किसी भी राज्य को नुकसान नहीं होगा।
दूसरे मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि विपक्ष यह भ्रम फैला रहा है कि ओबीसी महिलाओं को आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। मंत्री श्रीमती गौर ने खुद को ओबीसी समाज की महिला बताते हुए कहा कि अगर किसी दल ने ओबीसी समाज को सम्मान दिया है, तो वह केवल भाजपा है। कांग्रेस ने तो कभी उन्हें संगठन और सत्ता में उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया।
तीसरे भ्रामक दावे को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर “मुस्लिम तुष्टिकरण” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे को जानबूझकर उठा रही है। उन्होंने ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए।
मंत्री गौर ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस विधेयक का विरोध कर देश की मातृशक्ति का अपमान किया है और उनके सपनों को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर अब देश की महिलाओं के सामने उजागर हो चुका है।
