गुजरात के अहमदाबाद में प्रस्तावित राष्ट्रमंडल खेल 2030 की तैयारियों को गति देते हुए भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने मायभारत के सहयोग से तीन बड़े राष्ट्रव्यापी जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए हैं। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार इन पहलों का मुख्य उद्देश्य देशभर के युवाओं में खेल भावना और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ आगामी खेलों के प्रति उत्साह पैदा करना है। इस अभियान के अंतर्गत नागरिक मुख्य रूप से तीन श्रेणियों—राष्ट्रमंडल खेल 2030 मशाल डिजाइन प्रतियोगिता, रील चैलेंज और क्विज—में अपनी भागीदारी दर्ज करा सकते हैं।
मशाल डिजाइन प्रतियोगिता विशेष रूप से भारतीय संस्कृति, विरासत और नवाचार को प्रदर्शित करने का एक मंच है, जहाँ प्रतिभागी डिजिटल या हस्तनिर्मित डिजाइन के साथ अपना वैचारिक नोट भी जमा कर सकते हैं। यह प्रतियोगिता 11 मई से 20 मई 2026 तक ऑनलाइन आयोजित की जा रही है और इसमें चयनित विजेताओं को फिट इंडिया उपहारों के साथ प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। मंत्रालय का लक्ष्य ‘#CWG2030InBharat’ के विजन को जन-जन तक पहुँचाना है ताकि इन खेलों के सफल आयोजन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
