डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर आज लखनऊ में महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम योगी के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के जल-शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे। सभी नेता हजरतगंज स्थित डॉ. अंबेडकर महासभा कार्यालय पहुंचे और बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब का योगदान भारतीय लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक समरसता के लिए अमूल्य है, और उनका जीवन समाज को निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।
