भोपाल, 5 जून 2026।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य सहकारी डेयरी फेडरेशन (एमपीसीडीएफ), भोपाल सहित प्रदेश के सभी सहकारी दुग्ध संघों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
एमपीसीडीएफ मुख्यालय, भोपाल परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में इंडियन डेयरी एसोसिएशन के चेयरमेन श्री सुधीर कुमार सिंह, एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवानी तथा महाप्रबंधक श्री जयदेव विश्वास की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी सतत जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के माध्यम से ही एक स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवानी ने कहा, “वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, कृषि और पशुधन के संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। प्रत्येक नागरिक यदि प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो हम आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान कर सकते हैं।”
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एमपीसीडीएफ से संबद्ध भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर तथा बुंदेलखंड (सागर) सहकारी दुग्ध संघों के परिसरों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। सभी स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के संवर्धन का संदेश दिया गया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा सतत विकास के प्रति एमपीसीडीएफ की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
रवीन्द्र सोनी
