सिडनी में चल रहे ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु और युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में जगह बना ली है।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज पीवी सिंधु ने पहले दौर के मुकाबले में पेरू की विश्व नंबर 76 खिलाड़ी इनेस कास्टिलो को सीधे गेमों में 21-13, 21-11 से हराया। सिंधु अब प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी हमवतन और विश्व नंबर 39 ईशारानी बरुआ से भिड़ेंगी। ईशारानी ने पहले दौर में चीन की हान कियानशी को 22-20, 10-21, 21-14 से मात देकर अगले चरण में प्रवेश किया।
वहीं, पिछले वर्ष बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली तन्वी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे की विश्व नंबर 11 खिलाड़ी चिउ पिन-चियान को 21-12, 22-20 से हराया। इस जीत के साथ तन्वी ने शानदार फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं।
दूसरे दौर में तन्वी का मुकाबला भारत की ही मालविका बंसोड़ से होगा। मालविका ने पहले दौर में थाईलैंड की टोनरुग साएहेंग को 15-21, 21-7, 21-13 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
हालांकि पुरुष एकल वर्ग में भारत की चुनौती पहले ही दौर में समाप्त हो गई। किरण जॉर्ज, सनीथ दयानंद और थारुन मन्नेपल्ली अपने-अपने मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
इससे पहले पुरुष युगल वर्ग में भारत के एमआर अर्जुन और हरिहरन अम्साकरुणन की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया था। भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलियन ओपन में देश की पदक उम्मीदें बरकरार हैं।
