फीफा विश्व कप में मेक्सिको, फ्रांस और नॉर्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की कर ली है।
मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए राउंड ऑफ 32 मुकाबले में मेक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। मेक्सिको की ओर से राउल हिमेनेज़ और जूलियन क्विनोनेस ने गोल किए। यह विश्व कप के नॉकआउट चरण में मेक्सिको की 40 वर्षों में पहली जीत है। अब मेक्सिको का सामना अंतिम-16 में इंग्लैंड या कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य से होगा।
वहीं, न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। फ्रांस की जीत में किलियन एम्बाप्पे ने अहम भूमिका निभाई और दो गोल दागे। इसके साथ ही विश्व कप में उनके कुल गोलों की संख्या 18 हो गई है। वह अब मिरोस्लाव क्लोज़े से दो गोल आगे और लियोनेल मेसी से सिर्फ एक गोल पीछे हैं।
एक अन्य मुकाबले में नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। टेक्सास में खेले गए इस मुकाबले में एंटोनियो नूसा ने 39वें मिनट में नॉर्वे को बढ़त दिलाई। इसके बाद आइवरी कोस्ट के अमाद डियालो ने 74वें मिनट में बराबरी का गोल किया। हालांकि, 86वें मिनट में एरलिंग हालांड ने निर्णायक गोल कर नॉर्वे को जीत दिलाई।
अब अंतिम-16 में नॉर्वे का मुकाबला ब्राजील से होगा।
