एमपीसीडीएफ में सहकारिता सप्ताह के तहत क्विज प्रतियोगिता आयोजित, सात चरणों में परखा गया ज्ञान
भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ (एमपीसीडीएफ) में 29 जून से आयोजित सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को महासंघ के मीटिंग हॉल में रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि टीमों के गठन से लेकर इसके संपूर्ण स्वरूप तक को सहकारी व्यवस्था के सात सिद्धांतों के आधार पर तैयार किया गया।
प्रतियोगिता का संचालन ग्रुप हेड क्षेत्र संचालन श्री मिलन मिश्रा ने किया। निर्णायक मंडल में एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवानी, एनडीडीबी के महाप्रबंधक श्री जयदेव विश्वास तथा ग्रुप हेड प्लांट ऑपरेशन श्री डी.के. पांडे शामिल रहे।
प्रतियोगिता में कुल सात चरण आयोजित किए गए। इनमें सहकारिता के इतिहास, प्रमुख उपलब्धियों और महत्वपूर्ण पड़ावों, सहकारी क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित ब्रांडों, केंद्र एवं राज्य सरकार की पहलों, सहकारिता आंदोलन को दिशा देने वाले प्रमुख व्यक्तित्वों तथा सहकारी क्षेत्र से जुड़े विविध विषयों पर प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के लिए गठित टीमों में अधिकारियों और कर्मचारियों का समावेश किया गया। इस मिश्रित टीम संरचना ने आयोजन को अधिक सहभागितापूर्ण बनाया और सहकारिता की मूल भावना—साझेदारी, सामूहिकता और परस्पर सहयोग—को भी अभिव्यक्त किया।
एमपीसीडीएफ द्वारा सहकारिता सप्ताह के दौरान आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सहकारी आंदोलन के इतिहास, मूल्यों, सिद्धांतों और समकालीन पहलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। सात सिद्धांतों पर आधारित प्रतियोगिता के प्रारूप ने प्रतिभागियों के बीच विशेष उत्सुकता और उत्साह पैदा किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा सहकारिता सप्ताह के समापन दिवस सोमवार को की जाएगी। इसी अवसर पर विजेता टीमों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
रवींद्र सोनी
