भारत आज से चंडीगढ़ में ब्रिक्स देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की तीन दिवसीय बैठक की मेजबानी कर रहा है। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी भाग लेंगे। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य सुरक्षा, डिजिटल स्वास्थ्य, महामारी से निपटने की तैयारी तथा सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक समान पहुंच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सहयोग को और मजबूत करना है।
ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की 16वीं बैठक का मुख्य विषय “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के निर्माण की दिशा में” रखा गया है। यह बैठक वैश्विक स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिकताओं पर सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा, महामारी की तैयारियां, डिजिटल स्वास्थ्य, नवाचार, किफायती दवाओं की उपलब्धता, पारंपरिक एवं समेकित चिकित्सा पद्धतियां, क्षय रोग नियंत्रण, स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य तथा सुदृढ़ स्वास्थ्य प्रणाली जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक का औपचारिक कार्यक्रम आज वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक से शुरू होगा। इसके बाद कल केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा की अध्यक्षता में 16वीं ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा तथा 16वीं ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की घोषणा को अपनाने पर भी चर्चा की जाएगी।
यह बैठक वैश्विक दक्षिण के देशों की स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने, सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के लक्ष्य को प्राप्त करने तथा स्वास्थ्य से जुड़े सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी।
