दक्षिण कोरिया के आसन शहर में मंगलवार से शुरू हुए कोरिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत को शुरुआती झटका लगा है। भारतीय शटलर तुषार सुवीर क्वालीफाइंग मुकाबले में जापान के शोगो ओगावा से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए। बैडमिंटन विश्व महासंघ के सुपर 300 स्तर के इस टूर्नामेंट का आयोजन 9 अगस्त तक किया जाएगा।
आज महिला युगल वर्ग में प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा की जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत करेगी। वहीं पुरुष युगल में कृष्ण प्रसाद गरगा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी भी मुकाबले में उतरेगी।
महिला एकल वर्ग में अनुभवी खिलाड़ी पी. वी. सिंधु और युवा खिलाड़ी उन्नति हुड्डा के विश्राम पर होने के कारण भारत की चुनौती की अगुवाई तन्वी करेंगी। उनसे इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
पुरुष युगल में भारत की शीर्ष जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रही है। सात्विक अभी कंधे की चोट से उबर रहे हैं, जिसके चलते दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से दूरी बनाई है।
कोरिया मास्टर्स भारतीय खिलाड़ियों के लिए इस महीने के अंत में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ-साथ विश्व रैंकिंग के अहम अंक भी दिला सकता है।
