कोरिया के आसान में खेले जा रहे कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की रक्षिता रामराज और अश्मिता चालिहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के अंतिम चार में पहुंचने से भारत का एक स्थान फाइनल में भी सुनिश्चित हो गया है।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रक्षिता रामराज ने अपनी ही हमवतन तान्वी शर्मा को रोमांचक संघर्ष में 21-18, 19-21, 21-19 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। अब सेमीफाइनल में उनका सामना अश्मिता चालिहा से होगा।
वहीं, अश्मिता चालिहा ने शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान की हिना अकेची को कड़े मुकाबले में 20-22, 21-15, 21-19 से हराकर बड़ा उलटफेर किया और अंतिम चार में प्रवेश किया।
पुरुष युगल वर्ग में भारत की उम्मीदें अब पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और कृष्ण प्रसाद गरागा की जोड़ी पर टिकी हैं। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उनका मुकाबला मलेशिया की मान वेई चोंग और सोह वूई यिक की जोड़ी से होगा।
हालांकि महिला युगल और मिश्रित युगल स्पर्धाओं में भारत का अभियान समाप्त हो गया। महिला युगल में सोनाली सिंह और ऋतिका ठाकेर की जोड़ी को सातवीं वरीयता प्राप्त जापान की सुमिरे नकादे और मियू ताकाहाशी की जोड़ी ने 21-15, 21-9 से हराया।
मिश्रित युगल में छठी वरीयता प्राप्त भारत के ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा को दक्षिण कोरिया की शिन ताए-यांग और किम यू जंग की जोड़ी ने 21-16, 16-21, 21-13 से मात देकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
