नाइजीरिया के लागोस में आयोजित कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। सोमवार को पहले दिन 17 पदक जीतने के बाद भारतीय तलवारबाजों ने अगले मुकाबलों में भी कई पदक अपने नाम कर देश की पदक तालिका को और मजबूत किया।
सीनियर पुरुष वर्ग में करण सिंह और शेरजिन शांतिमोल ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते। पुरुष सेबर फाइनल में करण सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के यूंगी शिम के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 15-12 से अपने नाम किया। करण एक समय 7-11 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए लगातार अंक जुटाए और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
वहीं, पुरुष एपी वर्ग के फाइनल में शेरजिन शांतिमोल ने दूसरी वरीयता प्राप्त दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी पीटर क्रूगर को 15-6 से हराकर आसान जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल किया।
सीनियर पुरुष फॉयल स्पर्धा में भी भारत को कांस्य पदक मिला। तेजस पाटिल ने कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों से सजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई।
सीनियर महिला एपी स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने दबदबा कायम रखते हुए तीन पदक जीते। तनीष्का खत्री ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि उनकी हमवतन खुशी दाभाड़े ने रजत पदक हासिल किया। प्राची लोहान ने कांस्य पदक जीता और ऑस्ट्रेलिया की हैरिसन एशले के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
महिला व्यक्तिगत सेबर स्पर्धा में भी भारत ने तीन पदक जीते। आखरी ने रजत पदक हासिल किया और इंग्लैंड की ब्रियरली के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। श्रुति जोशी और जेफरलिन ने कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में और इजाफा किया।
