शेनझेन में आयोजित चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा ने जीत के साथ दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। पुरुष एकल के पहले दौर के मुकाबले में श्रीकांत ने चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-16, 21-15 से हरा दिया। हालांकि, एक अन्य पुरुष एकल मैच में भारत के लक्ष्य सेन को कनाडा के विक्टर लाई से 14-21, 7-21 से हार का सामना करना पड़ा और वे प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
महिला एकल श्रेणी में भारत की तन्वी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डेनमार्क की अमाली शुल्ज़ को सीधे गेम में 21-16, 21-17 से पराजित किया। वहीं, भारत की देविका सहाग को बुल्गारिया की कालोयाना नालाबांतोवा के हाथों 18-21, 15-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। मिश्रित युगल (मिक्सड डबल्स) में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की भारतीय जोड़ी ने थाईलैंड के तोनाकोर्न साएहेंग और टोनिचा साएहेंग को 21-8, 21-9 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
