नई दिल्ली में भारत और बेल्जियम के बीच रक्षा सहयोग (लेटर ऑफ इंटेंट) के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा, साइबर अपराध और राजनयिक प्रशिक्षण के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) का आदान-प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दोपहर नई दिल्ली में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट दे वेवर के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयामों के अलावा साझा हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रेस वक्तव्य के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व इस समय भारी उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है और कई हिस्सों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस अनिश्चितता का असर खाद्य, ईंधन और सप्लाई चेन जैसे हर क्षेत्र पर पड़ रहा है।
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि इस चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी रफ्तार बनाए रखी है और पिछली तिमाही में भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। आज भारत की विकास गाथा विश्व के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्रोत बन रही है।
दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों का अदम्य साहस और बलिदान दोनों देशों की साझा स्मृतियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। साझा लोकतांत्रिक मूल्य, बाजार अर्थव्यवस्था और लोगों से लोगों के बीच का संपर्क भारत और बेल्जियम को स्वाभाविक भागीदार बनाते हैं।
प्रधानमंत्री ने अपनी 10 साल पुरानी बेल्जियम यात्रा को याद करते हुए संतोष व्यक्त किया कि पिछले एक दशक में यह साझेदारी पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों तक विस्तृत हुई है:
- रक्षा सहयोग: दोनों देश ‘जोरावर टैंक’ जैसे आधुनिक सैन्य उपकरणों पर मिलकर काम कर रहे हैं।
- स्वच्छ ऊर्जा: आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में दोनों देश विश्व की सबसे बड़ी ग्रीन अमोनिया परियोजनाओं में से एक को विकसित कर रहे हैं। नवीकरणीय ऊर्जा पर आज हस्ताक्षरित एमओयू से इस दिशा में और गति मिलेगी।
- क्रिटिकल मिनरल्स व सेमीकंडक्टर: दोनों देशों ने क्रिटिकल मिनरल्स के प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण (प्रोसेसिंग एंड रीसाइक्लिंग) में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, बेल्जियम के आईएमईसी (IMEC) संस्थान को भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जोड़ने के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
इससे पूर्व, बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने सुबह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। बेल्जियम के प्रधानमंत्री तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं और उनके साथ वहां के रक्षा मंत्री थियो फ्रेंकेन भी आए हैं। फरवरी में पद संभालने के बाद दे वेवर की यह पहली भारत यात्रा है। अपनी इस यात्रा के दौरान वह भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के संदर्भ में ‘भारतीय उद्योग परिसंघ’ (CII) के एक व्यापारिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
