भारत ने अपने अंतिम ग्रुप-ए मुकाबले में चीनी ताइपे को 37-21 से हराकर पुरुष कबड्डी के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और हाफ-टाइम तक 23-11 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद दूसरे हाफ में भी 14-10 से बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
ग्रुप चरण में भारत की यह लगातार चौथी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया, जापान और बांग्लादेश को हराकर ग्रुप चरण में अपना अजेय अभियान बरकरार रखा और कम से कम कांस्य पदक पक्का किया। इस मैच में भारत ने सफल रेड से 28 अंक, तीन बोनस अंक और ऑल-आउट से छह अंक हासिल किए। गौरतलब है कि वर्ष 1990 से एशियाई खेलों का हिस्सा रहे कबड्डी खेल में भारतीय पुरुष टीम ने अब तक आठ स्वर्ण समेत कुल नौ पदक जीते हैं।
दूसरी ओर, भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। अपने शुरुआती मैच में बांग्लादेश को हराने के बाद महिला टीम ने ईरान को 37-23 से शिकस्त दी। अब महिला टीम अपने अगले ग्रुप-ए मुकाबले में मेजबान जापान का सामना करेगी।
