जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को खेले गए एकतरफा मुकाबले में भारत ने साउथ कोरिया को 8-2 से करारी शिकस्त दी। इस धमाकेदार जीत के साथ ही टूर्नामेंट में भारत ने अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली है।
पहले क्वार्टर में ही दागे 4 गोल मैच के शुरुआती मिनटों से ही भारतीय टीम ने साउथ कोरिया पर अपना दबदबा बना लिया। खेल के चौथे मिनट में शिलानंद लकरा ने पहला गोल कर भारत का खाता खोला। 10वें मिनट में सुखजीत सिंह ने बढ़त को 2-0 कर दिया, जबकि अगले ही मिनट (11वें मिनट) कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-0 पहुंचाया। पहले क्वार्टर के समाप्त होने से ठीक पहले अभिषेक ने बेहतरीन गोल कर भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत और अभिषेक का प्रहार दूसरे क्वार्टर में साउथ कोरियाई डिफेंस ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय फॉरवर्ड्स के आगे उनकी एक न चली। 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने टीम का पांचवां गोल दागा और छह मिनट बाद ही अपना दूसरा गोल करते हुए स्कोर 6-0 कर दिया। 38वें मिनट में अभिषेक ने भी अपना दूसरा गोल करते हुए भारत को 7-0 की बढ़त दिला दी।
साउथ कोरिया का देर से जवाब, राजिंदर ने लगाई मुहर 42वें मिनट में किम जेहो ने साउथ कोरिया के लिए पहला गोल दागा, जबकि 52वें मिनट में किम योंग बोक ने टीम का दूसरा गोल किया। हालांकि, मैच के अंतिम क्वार्टर में राजिंदर सिंह ने भारत के लिए आठवां गोल दागकर टीम इंडिया की 8-2 से एकतरफा जीत पर मुहर लगा दी।
टूर्नामेंट में अजेय रहा है भारत का सफर भारतीय टीम ने एशियन गेम्स अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर की थी। इसके बाद दूसरे मुकाबले में श्रीलंका को 16-1 से करारी मात दी। अब अजेय भारतीय टीम का अगला मुकाबला शनिवार, 26 सितंबर को मेजबान जापान से होगा।
