जापान के आईची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने स्वर्णिम इतिहास रचते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। पुरुष कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, महिला कबड्डी टीम ने भी एक बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड पर कब्जा जमाया।
शनिवार को भारतीय एथलीटों ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कबड्डी, एथलेटिक्स, शूटिंग और स्क्वैश में कुल 7 पदक जीते। इसके साथ ही भारत पदक तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गया है और उसकी कुल पदक संख्या 30 हो गई है, जिसमें 4 गोल्ड, 12 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
एथलेटिक्स में तजिंदरपाल सिंह तूर ने पुरुषों की शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में 20.64 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। पुरुषों की मैराथन में सावन बरवाल ने 2 घंटे, 11 मिनट और 37 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होने के साथ-साथ एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। इस सफलता के साथ सावन बरवाल ने मैराथन में भारत के 44 साल के पदक के सूखे को समाप्त कर दिया। इसके अलावा प्राची चौधरी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में 53.21 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
शूटिंग में तिलोत्तमा सेन, विदर्शा के. विनोद और आशी चौकसे की तिकड़ी ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में 1,763 अंकों के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं स्क्वैश मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय पुरुष कबड्डी टीम को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ने रेखांकित किया कि पुरुष और महिला दोनों टीमों द्वारा शीर्ष स्थान हासिल करने के साथ ही भारत ने कबड्डी में एक ऐतिहासिक ‘गोल्डन डबल’ स्वीप हासिल किया है। राष्ट्रपति ने एथलीटों की सराहना करते हुए कहा कि यह दोहरी जीत टीम के सदस्यों के असाधारण कौशल, संयम, जुझारूपन और उत्कृष्ट टीम वर्क को दर्शाती है, जिसने भारत की इस ऐतिहासिक जीत का मार्ग प्रशस्त किया।
