वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले एकदिवसीय (ODI) मैच में शानदार शतकीय पारी खेलने का फायदा विराट कोहली को आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में मिला है। बल्लेबाजों की नवीनतम रैंकिंग में कोहली एक पायदान की छलांग लगाकर अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के शुभमन गिल पहले स्थान पर अपनी बादशाहत बरकरार रखे हुए हैं। उन्होंने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मुकाबले में शतक जड़ा था। विराट कोहली के दूसरे नंबर पर पहुंचने से न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में, श्रीलंका के कुसल मेंडिस इंग्लैंड के खिलाफ 121 रनों की पारी के दम पर 3 पायदान चढ़कर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 7वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक 11वें स्थान पर हैं, जबकि आयरलैंड के हैरी टेक्टर 10वें नंबर पर बरकरार हैं। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों में टेंबा बावुमा 10 पायदान की छलांग लगाकर 32वें, मैथ्यू ब्रीट्जके 19 पायदान के सुधार के साथ 21वें और डेविड मिलर 142 रनों की पारी के बदौलत 41वें स्थान पर आ गए हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज 3 पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जिससे न्यूजीलैंड के मिचेल सेंटनर चौथे नंबर पर खिसक गए हैं। भारत के कुलदीप यादव ने 4 पायदान की छलांग लगाई है और वह अब 5वें स्थान पर आ गए हैं। अफगानिस्तान के राशिद खान गेंदबाजों की वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
