राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर रायसेन जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में बीते दो वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि पिछले दो वर्षों में रायसेन जिले ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार से लेकर बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तक जिले में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है। उन्होंने बताया कि मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र में 1800 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित बी.ई.एम.एल. रेल हब फैक्ट्री से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
उन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जल गंगा अभियान के तहत रायसेन जिले ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जो सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी का परिणाम है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में भी जिले में उल्लेखनीय विकास हुआ है। सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं और शैक्षणिक संस्थानों के विस्तार से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से रायसेन जिला विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
