केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर लोगों से कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने, शुरुआती लक्षणों को पहचानने और समय पर जांच व इलाज को बढ़ावा देने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता और जांच तक पहुंच बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर जैसी आम बीमारियों के लिए सलाह के अनुसार अपनी जांच जरूर करवाएं।
उन्होंने नागरिकों को यह भी सलाह दी कि वे तंबाकू और शराब से दूर रहें, नियमित रूप से व्यायाम करें, एक स्वस्थ आहार बनाए रखें और किसी भी असामान्य या लगातार बने रहने वाले लक्षणों के मामले में तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
मंत्री ने सभी से कैंसर की जांच से जुड़ी जानकारी के लिए अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर या स्वास्थ्य केंद्र जाने का भी आग्रह किया।
