500 मिलीलीटर से छोटे पैकेटों की कीमतें यथावत
13 नवंबर 2026। एम.पी. स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (एमपीसीडीएफ) ने साँची के पैकेटबंद दूध की उपभोक्ता दरों में संशोधन किया है। नई दरें 14 नवंबर 2026 से लागू होंगी। इसके तहत एक लीटर फुल क्रीम दूध का पैकेट ₹74, स्टैंडर्ड दूध का ₹67, टोन्ड दूध का ₹59 और गाय के दूध का पैकेट ₹64 में मिलेगा। 500 मिलीलीटर से छोटे पैकेटों की मौजूदा कीमतें यथावत रहेंगी।
दूध की खरीद, पैकिंग सामग्री और परिवहन की लागत बढ़ने के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक जयदेव बिस्वास ने कहा, “दूध की खरीद से लेकर उसकी पैकिंग और परिवहन तक की लागत बढ़ी है। दुग्ध संघों का वित्तीय संतुलन बनाए रखने के लिए दरों में संशोधन किया गया है। उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 500 मिलीलीटर से छोटे पैकेटों की कीमतें यथावत रखी गई हैं।”
मध्य प्रदेश के बाहर जिन बाजारों में दुग्ध संघ अलग दरों पर साँची दूध बेचते हैं, वहाँ भी संबंधित पैकेटों की मौजूदा दरों पर यही बढ़ोतरी लागू होगी।
