मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई है।
एनसीएस की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र खरगोन में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। इसकी भौगोलिक स्थिति 21.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर दर्ज की गई है। गहराई कम होने की वजह से भूकंप के केंद्र के आसपास के इलाकों में कंपन साफ तौर पर महसूस किया गया, जिसकी पुष्टि स्थानीय नागरिकों ने भी की है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
इससे ठीक पहले, शनिवार सुबह ही जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भी धरती कांपी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि डोडा में सुबह 8 बजकर 48 मिनट पर 3.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र सतह से महज 5 किलोमीटर की गहराई में था।
गौरतलब है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में हाल के दिनों में भूकंपीय गतिविधियां बढ़ी हैं। पिछले सप्ताह चीन-लद्दाख सीमा के पास 5.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र जमीन से 164 किलोमीटर की गहराई (35.587 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 78.130 डिग्री पूर्वी देशांतर) पर था। इसके झटके जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में महसूस हुए थे, हालांकि वहां भी कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके अलावा, 5 नवंबर को शाम 7:54 बजे लक्षद्वीप सागर में 3.2 और उसी दिन शाम 6:33 बजे दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 2.9 तीव्रता के हल्के झटके दर्ज किए गए थे।
