प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि 21वीं सदी की तकनीक ने सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म ने ज्ञान साझा करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से कहीं अधिक आसान बना दिया है। उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों से इन नई संभावनाओं का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित पुराने किले में प्रथम एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच (SCO Civilisational Dialogue Forum) का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एससीओ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर चुका है। इन वर्षों में संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग का काफी विस्तार किया है। ऐसे में सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग सदस्य देशों के बीच संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह मंच नए विचारों को जन्म देगा, सांस्कृतिक सहयोग के नए अवसर पैदा करेगा और साझा सभ्यतागत अनुभवों के माध्यम से विश्व को एक साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, क्योंकि सांस्कृतिक संबंध ही वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी हैं।
प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण और अनुवाद पर दिया जोर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सदस्य देशों के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में हजारों वर्षों की अमूल्य विरासत संरक्षित है और आज तकनीक इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के बेहतरीन अवसर प्रदान करती है। उन्होंने सुझाव दिया कि देश प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण और अनुवाद पर मिलकर काम कर सकते हैं। संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं के माध्यम से साझा इतिहास के नए पहलुओं को सामने लाया जा सकता है, जिससे दुनिया के किसी भी कोने में बैठा युवा दूसरे देश की सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझ सकेगा।
‘वसुधैव कुटुम्बकम’ ही वैश्विक कल्याण का आधार भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत ने विश्व को ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश दिया है, जिसका अर्थ है कि संपूर्ण विश्व एक परिवार है। इसलिए भारत की अपनी उन्नति और कल्याण की कामना वैश्विक कल्याण की भावना में गहराई से निहित है। भारत आपसी सद्भाव को ही वैश्विक कल्याण की नींव मानता है।
उन्होंने कहा कि साम्राज्यों ने निश्चित रूप से दुनिया का नक्शा बदला है, लेकिन सभ्यतागत संवादों ने दुनिया की सोचने की दिशा को बदला है और इसे समृद्ध किया है। यह एससीओ सभ्यतागत शिखर सम्मेलन केवल एक औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि यह विश्व को नई दिशा देने वाला मंच बन सकता है।
प्रदर्शनी और महाभारत स्क्रॉल पवेलियन का अवलोकन 22 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय संवाद मंच का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध और आपस में जुड़ी सभ्यतागत विरासत का उत्सव मनाना, जन-संपर्क को मजबूत करना और अंतर-सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी ‘अस्तित्व – द एसेंस ऑफ अवर एक्जिस्टेंस’ का अवलोकन भी किया। यह प्रदर्शनी 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों, उत्खनन अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुकला के अंशों के माध्यम से दिल्ली के इतिहास का जीवंत विवरण प्रस्तुत करती है। इसके साथ ही ‘महाभारत स्क्रॉल पवेलियन – अनंत: 18वीं शताब्दी का एक दुर्लभ महाभारत स्क्रॉल’ में भारत की समृद्ध महाकाव्य और कलात्मक परंपराओं को दर्शाने वाले सचित्र स्क्रॉल का प्रदर्शन किया गया है।
