केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भारत की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इस महत्वपूर्ण वैक्सीन को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के भोपाल स्थित संस्थान ‘राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान’ (NIHSAD) द्वारा विकसित किया गया है।
इस उपलब्धि को पशु स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह स्वदेशी वैक्सीन देश के पोल्ट्री (कुक्कुट पालन) क्षेत्र को सुरक्षित रखने और इससे जुड़े लाखों किसानों तथा पशुपालकों की आजीविका को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने इस मौके पर निहसैड (NIHSAD) के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को उनके निरंतर परिश्रम और उत्कृष्ट योगदान के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब तक बर्ड फ्लू के प्रकोप के दौरान पोल्ट्री उद्योग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था और टीकों के लिए विदेशी आयात पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन भोपाल के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार इस स्वदेशी वैक्सीन से न केवल देश आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि कम लागत में प्रभावी टीकाकरण भी सुनिश्चित हो सकेगा।
पोल्ट्री उद्योग और किसानों को होगा सीधा लाभ कृषि मंत्री ने कहा कि H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा एक संक्रामक रोग है, जो मुर्गियों और अन्य पक्षियों में तेजी से फैलता है। इसके प्रकोप के कारण कई बार बड़े पैमाने पर पक्षियों को नष्ट करना पड़ता है, जिससे पोल्ट्री किसानों की कमर टूट जाती है। इस नई वैक्सीन के उपयोग से:
- पोल्ट्री फार्मों में होने वाली मृत्यु दर को प्रभावी ढंग से रोका जा सकेगा।
- अंडा और मांस उत्पादन की आपूर्ति श्रृंखला बाधित नहीं होगी।
- किसानों की आय सुरक्षित रहेगी और पोल्ट्री उत्पादों के निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (NIHSAD) देश में गंभीर और विदेशी पशु रोगों पर शोध करने वाली शीर्ष प्रयोगशाला है। संस्थान के वैज्ञानिकों ने गहन शोध और परीक्षणों के बाद इस इनएक्टिवेटेड H5N1 वैक्सीन को तैयार किया है, जो भारतीय परिस्थितियों और वायरस के स्थानीय स्ट्रेन के खिलाफ पूरी तरह प्रभावी है।
