मप्र के संदर्भ में रखी अपनी बात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता की। बैठक में मुख्यमंत्री डा. यादव ने मध्यप्रदेश के संदर्भ में खेती-किसानी के विकास और किसानों के कल्याण पर अपनी बात रखी।
बैठक में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना भी उपस्थित थे।
बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े सभी लंबित एवं प्रस्तावित विषयों/योजनाओं सहित मध्यप्रदेश के हितों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) श्री नीरज मंडलोई सहित केंद्र एवं राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
मीडिया से चर्चा
बैठक के बाद नई दिल्ली में ही स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज कृषि भवन में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक कर मध्यप्रदेश में कृषि और ग्रामीण विकास के कई सकारात्मक प्रस्तावों पर चर्चा की। निश्चित रूप से बैठक में हुए प्रस्तावों से ग्रामीण विकास की योजनाओं को गति मिलेगी, साथ ही कृषि से जुड़े सरस मेले और अन्य लंबित मुद्दों को भी गति मिलेगी। वहीं, ग्रामीण समृद्धि की दृष्टि से क्लस्टर बनाने की नीतियां धरातल पर उतरेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का दीर्घ अनुभव हमें मुख्यमंत्री होने के नाते मिला है, इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके अनुभव का लाभ हमें मिल रहा है। आज राज्य सरकार में मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं श्री एदल सिंह कंषाना सहित सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज सकारात्मक बैठक हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान का धन्यवाद ज्ञापित किया।
