केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट से मिली मंजूरी को देश के सभी राज्यों में जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने और शासन को जनता के और करीब लाने की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तावित संशोधन से उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा का प्रतिनिधित्व बढ़ सकेगा और महिला आरक्षण के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व हासिल होगा।
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपने पोस्ट में अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कैबिनेट द्वारा मंजूर किए गए इस विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 170(1) में संशोधन करने का प्रस्ताव है। इसके तहत राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा को 500 से बढ़ाकर लगभग 650 किया जाएगा। गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि इससे उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए भी विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा, वहीं महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू होने से प्रदेश की नारी शक्ति को ऐतिहासिक भागीदारी मिलेगी।
अमित शाह ने इस फैसले के लाभ गिनाते हुए कहा कि सदन में अधिक जनप्रतिनिधि होने से वे अपने-अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताओं और स्थानीय जरूरतों को बेहतर ढंग से रख पाएंगे। इससे क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाने और विकास की रफ्तार तेज करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम उत्तर प्रदेश में सुशासन और जनभागीदारी दोनों को मजबूती देगा। साथ ही, उन्होंने राज्य के सभी राजनीतिक दलों से इस ऐतिहासिक विधेयक का स्वागत और समर्थन करने की अपील भी की।
दूसरी ओर, संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। शनिवार को ‘एक्स’ पर अपना एक पुराना वीडियो संदेश साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि सरकार ने देश की ‘नारी शक्ति’ से जो वादा किया था, उसे पूरा करने के लिए वह पूरी तरह संकल्पित है। वीडियो में उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वे लंबे समय से इस प्रयास का हिस्सा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा जताया कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है और महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी से रोक नहीं पाएंगी, बस इसके लिए समय का इंतजार है। गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को मंजूरी दी गई थी, जिसके तहत लोकसभा व विधानसभाओं में सीटें बढ़ाने और 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव है।
