लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवा सहकार सम्मेलन और यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो–2025 का शुभारंभ किया। यह एक्सपो 21 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, नवाचारों और भविष्य की योजनाओं को एक ही मंच पर प्रदर्शित करना है, ताकि आमजन, युवाओं और किसानों को सहकारी आंदोलन से सीधे जोड़ा जा सके। मुख्यमंत्री ने एक्सपो में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और सहकारिता से जुड़े उद्यमों तथा संस्थाओं की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के कोऑपरेटिव बैंक डिफॉल्टर नहीं, बल्कि पूरी तरह स्वस्थ और सक्षम संस्थान बन चुके हैं। ये बैंक अपने सदस्यों के साथ–साथ किसानों की समृद्धि में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में भंडारण, ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहकारिता के माध्यम से बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जो आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
