बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार का मुद्दा बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा में गूंजा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा), पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष गाजा जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर तो मुखर होकर विरोध दर्ज कराता है, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न पर उसकी चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है।
मुख्यमंत्री योगी ने इस चुप्पी को सपा की वोट बैंक की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि यह उनकी संकीर्ण राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने सपा से निलंबित विधायक पूजा पाल का उदाहरण सदन के सामने रखते हुए सपा के तथाकथित PDA फॉर्मूले को कठघरे में खड़ा किया।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का PDA फॉर्मूला केवल राजनीतिक दिखावा है, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता किसी भी प्रकार के तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा की है।
मुख्यमंत्री ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का चौथा और अंतिम दिन था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए सदन के समक्ष सरकार की नीति और अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही कार्यप्रणाली को स्पष्ट रूप से रखा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
