मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन का आज शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को परंपरागत गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। सम्मेलन के दौरान साइबर अपराध, मानव तस्करी, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध, आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समकालीन चुनौतियों पर विस्तार से मंथन किया जा रहा है।
सम्मेलन के बीट पुलिसिंग सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘यक्ष ऐप’ का लोकार्पण किया। यह डिजिटल बीट-बुक आधारित आधुनिक एप्लीकेशन है, जो बीट कर्मियों के दैनिक कार्यों को अधिक सरल, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने में सहायक होगी। ‘यक्ष ऐप’ में जघन्य अपराधियों का थानावार डेटाबेस, बीट सत्यापन की जवाबदेही, संदिग्ध व्यक्तियों की एआई आधारित पहचान, वाइस सर्च, गैंग लिंक एनालिसिस तथा लोकेशन शिफ्ट अलर्ट जैसी कई उन्नत तकनीकी सुविधाएं शामिल की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण ने कहा कि पुलिस मंथन केवल एक औपचारिक सम्मेलन नहीं है, बल्कि यह भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई एक सुविचारित और लक्ष्य-आधारित पहल है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत, तकनीक-सक्षम और जनहितकारी बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
