राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज लोकभवन में विवेकानंद केन्द्र, कन्याकुमारी की उपाध्यक्ष पद्मश्री निवेदिता रघुनाथ भिडे सहित राज्य के अन्य पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विवेकानंद केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी राज्यपाल को दी और भविष्य की योजनाओं के लिए आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया।
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने इस अवसर पर रायपुर स्थित विवेकानंद केन्द्र में संचालित कौशल प्रशिक्षण केंद्र के लिए 10 कंप्यूटर उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि युवाओं के कौशल विकास से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और इस दिशा में ऐसे प्रयास समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
भेंट के दौरान विवेकानंद केन्द्र की शैक्षणिक, सामाजिक और कौशल विकास से जुड़ी पहलों पर भी चर्चा की गई। राज्यपाल ने केन्द्र की गतिविधियों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर राज्य संगठक सुश्री रचना जानी, सह प्रांत संगठक सुश्री ऋतुमणि दत्त, नगर संचालक रायपुर श्री चेतन तारवानी, नगर प्रमुख रायपुर श्री आशीष दुबे तथा संपर्क प्रमुख रायपुर श्री सिद्धार्थ जैन भी उपस्थित रहे।
