आगामी मकर संक्रांति मेला को लेकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने महाराजपुर संगम घाट का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम घाट पहुंचते हैं। मण्डला जिले के साथ-साथ आसपास के अन्य जिलों से भी लोग यहां दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, इसलिए मेले से पहले साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संगम-पुरवा पुल निर्माण एजेंसी के प्रबंधक को निर्देश दिए कि पुल निर्माण के दौरान जमा हुआ मलबा तुरंत हटवाया जाए। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि संगम घाट पर स्नान क्षेत्र की स्पष्ट मार्किंग कराई जाए और आवश्यकता के अनुसार मेला स्थल व घाट क्षेत्र में बेरिकेटिंग की जाए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनी रहे।
संगम तट पर गंदगी देखकर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और तत्काल सफाई कर्मचारियों की टीमें लगाकर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना अधिकारी, शहरी विकास अभिकरण को संक्रांति तक प्रतिदिन दो बार मेला स्थल और संगम घाट तक के निरीक्षण करने के लिए कहा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को समय रहते दूर किया जा सके।
बूढ़ी माई मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अव्यवस्थित रूप से लगी रेहड़ियों और ठेलों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर परिसर को खाली कराया जाए और ठेले-रेहड़ी वालों को एक निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम मण्डला सोनल सिडाम, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण सचिन जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गजानन नाफड़े सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
