मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम “योगी की पाती” शीर्षक से एक भावनात्मक चिट्ठी लिखकर यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने इस चिट्ठी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाएं अकाल मृत्यु का कारण बनती हैं, जिससे पूरा परिवार गहरे दुख और संकट में डूब जाता है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सजगता और जिम्मेदारी से इन परिस्थितियों को बदला जा सकता है।
सीएम योगी ने अपने संदेश में लोगों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि लापरवाही से न केवल स्वयं का जीवन खतरे में पड़ता है, बल्कि परिवार और समाज को भी भारी कीमत चुकानी पड़ती है।
इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर में 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाने की घोषणा की है। सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत आमजन को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों, अभियानों और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यदि सभी नागरिक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है और अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।
