जम्मू-कश्मीर में उद्योग एवं वाणिज्य (I&C) विभाग आज से 21 जनवरी तक जम्मू हाट में एक सप्ताह तक चलने वाली ‘गांधी शिल्प बाजार प्रदर्शनी-सह-बिक्री’ का आयोजन करने जा रहा है। आकाशवाणी जम्मू के संवाददाता के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य कारीगरों को सीधे विपणन का मंच प्रदान करना है, ताकि वे ग्राहकों से संवाद कर सकें, अपनी कला को प्रदर्शित कर सकें और बेहतर आय के अवसर प्राप्त कर सकें। साथ ही, यह प्रदर्शनी आगंतुकों को शिल्पकारों से सीधे प्रामाणिक हस्तनिर्मित उत्पाद खरीदने का अवसर भी देगी।
इस आयोजन में देशभर से लगभग 40 मास्टर कारीगर हिस्सा लेंगे, जो पारंपरिक और आधुनिक शिल्प कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। ये कलाकृतियां भारतीय हस्तशिल्प की विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाएंगी। प्रदर्शनी में हथकरघा और हस्तशिल्प से जुड़े विभिन्न उत्पादों की स्टॉल लगाई जाएंगी, जिनमें वस्त्र, लकड़ी की कलाकृतियां, धातु शिल्प, मिट्टी के बर्तन, आभूषण और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुएं शामिल होंगी। यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहेगी।
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के हस्तशिल्प विकास आयुक्त के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी-सह-बिक्री में देश के विभिन्न हिस्सों से उत्कृष्ट हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने नागरिकों, पर्यटकों और कला प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे जम्मू हाट आकर इस सप्ताहभर चलने वाले आयोजन में भारतीय हस्तशिल्प की समृद्ध विरासत का अनुभव करें।
