बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया मास्टर्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए आज क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। पुरुष एकल वर्ग में लक्ष्य सेन ने प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में हांगकांग चीन के जेसन गुनावन को सीधे गेमों में 21-10, 21-11 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
वहीं महिला एकल वर्ग में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने डेनमार्क की लाइन होजमार्क क्याएरफेल्ड्ट के खिलाफ प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में 21-19, 21-18 से जीत दर्ज की। सिंधु ने कड़े मुकाबले में अपने अनुभव का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
क्वार्टरफाइनल में पीवी सिंधु का सामना अब टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी और विश्व नंबर चार चीन की चेन यू फेई से होगा। इस मुकाबले को लेकर भारतीय प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
