खंडवा संसदीय क्षेत्र में केंद्र सरकार की नई विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (जी राम जी योजना) को लेकर ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को योजना की जानकारी दे रहे हैं।
खंडवा जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने एक अनूठे अंदाज में बैलगाड़ी पर सवार होकर ग्रामीणों के बीच पहुंचकर चौपाल को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए जी राम जी योजना के उद्देश्य, लाभ और पात्रता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सांसद पाटिल ने कहा कि केंद्र सरकार का यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से युवाओं और जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
चौपाल के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी ग्रामीणों को योजना से जुड़ी जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने सांसद के इस सरल और संवादात्मक प्रयास की सराहना की।
