पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हुशियारपुर जिले में सलेरन डैम पर विकसित सलेरन ईको टूरिज्म प्रोजेक्ट का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब में प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिनका सही उपयोग कर राज्य की अर्थव्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सलेरन डैम ईको टूरिज्म प्रोजेक्ट पर लगभग 2.80 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस परियोजना के तहत 4 ईको हट्स, 2 फैमिली हट्स (प्रत्येक में 2 कमरे), 2 कपल रूम और कुल 4 ट्री हाउस तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां बोटिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे पर्यटकों को और आकर्षित किया जा सकेगा।
सीएम मान ने बताया कि पंजाब में इस समय 52 सरकारी रेस्ट हाउस हैं, जिनसे सालाना करीब 1 करोड़ रुपये का किराया प्राप्त हो रहा है। इसके साथ ही अन्य डैमों की भी पहचान की जा रही है, ताकि इसी तरह के और ईको टूरिज्म प्रोजेक्ट शुरू किए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि रंजीत सागर डैम पर स्थित चमरौड़ लेक को डेस्टिनेशन वेडिंग और प्री-वेडिंग शूट्स के लिए विकसित किया गया है। इससे राज्य में पर्यटन को नया प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सीएम मान ने कहा कि इस वर्ष श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम के मद्देनजर केंद्र सरकार से आग्रह किया गया था कि रोस्टर के अलावा भी पंजाब की झांकी को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल किया जाए। अब पंजाब की झांकी गणतंत्र दिवस परेड में देखने को मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल के बजट में महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह देने की योजना भी शामिल की गई है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नहरी रेस्ट हाउस अपने मित्रों को बेच दिए गए, जिन्होंने वहां नीलो कैनाल की तरह 5-स्टार होटल बना दिए।
कानून-व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवालों पर सीएम मान ने कहा कि जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि उनके कार्यकाल में हालात कैसे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने जग्गू भगवानपुरिया और निशान सिंह जैसे गैंगस्टरों को संरक्षण दिया, जिसके चलते नाभा जेल ब्रेक जैसी घटनाएं हुईं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में सड़क हादसों में मौतों की संख्या में 48 प्रतिशत की कमी आई है। इसके साथ ही पीएसपीसीएल यानी पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड देश की दूसरी सर्वश्रेष्ठ कंपनी बन गई है और पुराने कर्ज का भुगतान भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि कर्ज कम करने के लिए टैक्स लीकेज को रोका जाएगा और जनता में यह विश्वास पैदा किया जाएगा कि उनके द्वारा दिया गया टैक्स राज्य के विकास और जनकल्याण पर ही खर्च किया जा रहा है।
भूजल स्तर में लगातार आ रही गिरावट पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार द्वारा सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध कराए जाने से पंजाब के कई डार्क ब्लॉकों में भूजल स्तर फिर से ऊपर आया है। उन्होंने बताया कि धान के स्थान पर उतनी ही लाभकारी वैकल्पिक फसलों को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस दिशा में सरकार गंभीर प्रयास कर रही है और जापान की कंपनियों से संपर्क किया गया है, जो पंजाब में फसल विविधीकरण और नई तकनीक लागू करने में सहयोग देंगी, ताकि भूजल संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय भी बढ़ाई जा सके।
