भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लखनऊ में विधानसभा के सामने आयोजित भव्य परेड में देशभक्ति और सांस्कृतिक एकता के रंग देखने को मिले। गणतंत्र दिवस-2026 के इस विशेष समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी-अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उत्तर प्रदेशवासियों को “भिन्नता में एकता” का अनुपम दृश्य दिखाया।
समारोह के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर इन कलाकारों को आमंत्रित कर सम्मानित किया और उनसे आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराएं ही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की धरती पर देशभर से आए कलाकारों का स्वागत किया और उनके योगदान को सराहा।
सीएम योगी ने संवाद के दौरान कलाकारों से उनकी प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने त्रिपुरा से आए कलाकारों से राज्य के मुख्यमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी कलाकारों को उत्तर प्रदेश भ्रमण का आमंत्रण देते हुए राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का आग्रह किया।
इस अवसर पर देशभर से आए कलाकारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर प्रसन्नता व्यक्त की और इस सम्मान के लिए आभार जताया।
