उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में मुख्यमंत्री ने कुर्सियों पर बैठे लोगों से एक-एक कर व्यक्तिगत बातचीत की और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी को भी परेशान होने या घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार हर व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य लोगों की पीड़ा को समझना और उन्हें शीघ्र राहत दिलाना है।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनें। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिल सके और वे संतुष्ट महसूस करें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से हो। जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से सरकार सीधे लोगों से संवाद कर रही है और प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाया जा रहा है।
