अमृतसर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अध्यक्षता में धर्म प्रचार कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई पंथक फैसले लिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि अठारहवीं सदी के महान सिख योद्धा शहीद भाई तारा सिंह वां की 300वीं शहादत शताब्दी 14 मार्च 2026 को पंजाब के तरनतारन जिले के गांव वां में राष्ट्रीय स्तर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी।
इस अवसर पर 11 मार्च 2026 को विशेष नगर कीर्तन सजाया जाएगा, जबकि 12 मार्च को श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा। इसके बाद लगातार धार्मिक दीवान आयोजित किए जाएंगे। एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि शताब्दी के मुख्य समारोह में तख्त साहिबानों के जत्थेदारों सहित पंथ की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि धर्म प्रचार लहर को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। इसके तहत अप्रैल माह से गांव-गांव अमृत संचार समागमों की श्रृंखला को तेज किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी को बाणी और बाणे से जोड़ा जा सके।
इसके अलावा बैठक के दौरान शिरोमणि कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों ने शैक्षणिक संस्थानों के प्रबंधन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। एडवोकेट धामी ने संगत से अपील की कि वे इन राष्ट्रीय और धार्मिक अवसरों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी समृद्ध विरासत से जुड़ें।
