अमृतसर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में संत रविदास जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगत उपस्थित रही।
कार्यक्रम के दौरान श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इसके उपरांत सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब के हजूरी रागी भाई हरविंदर सिंह के जत्थे ने इलाही बाणी के कीर्तन से संगत को निहाल किया। कीर्तन के माध्यम से भक्तों को आध्यात्मिक संदेश और गुरु परंपरा से जुड़ने का अवसर मिला।
सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब के ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी बलजीत सिंह ने संगत के साथ संत रविदास जी के जीवन दर्शन और उनकी महान विचारधारा पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज संत रविदास जी की पवित्र वाणी पूरी मानवता को समानता, सत्य और भाईचारे का मार्ग दिखाती है।
समारोह के दौरान दीवान हॉल में धार्मिक दीवान भी सजाए गए, जहां ढाडी और प्रचारक जत्थों ने संत रविदास जी के जीवन और गुरु इतिहास से जुड़े प्रसंग सुनाए। इन प्रसंगों के माध्यम से संगत को गुरमत विचारधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी के मैनेजर सरदार जसपाल सिंह, सरदार राजिंदर सिंह रूबी, सरदार युवराज सिंह, सरदार अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और संगत मौजूद रही। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और आध्यात्मिक रहा।
