उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे दूरदर्शी, सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रविवार को केंद्रीय बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट आशा और आकांक्षाओं का प्रतीक है, जिसमें नए भारत और विकसित भारत की स्पष्ट संकल्पना दिखाई देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में आयुष और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हर जिले में छात्रावास निर्माण की व्यवस्था की गई है। युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि यह बजट अमृतकाल के लक्ष्यों को प्राप्त करने का रोडमैप तैयार करता है और देश की अर्थव्यवस्था को तेज गति से आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कदम है।
