केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय बजट 2026-27 को 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में मजबूत रोडमैप बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ दीर्घकालिक विकास की दिशा में सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अमित शाह ने कहा कि विकसित भारत बजट मोदी सरकार की वित्तीय अनुशासन और विकास को साथ लेकर चलने की नीति को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस बजट में राजकोषीय घाटे को 4.5 प्रतिशत से नीचे रखने का लक्ष्य हासिल किया गया है, जो मजबूत आर्थिक प्रबंधन का संकेत है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की श्रृंखला में गृह मंत्री ने कहा कि यह बजट देश के हर वर्ग और हर क्षेत्र को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, पर्यटन, ग्रामीण विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खेल और धार्मिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाकर सरकार युवाओं, महिलाओं और किसानों के सपनों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह बजट भारत को एक उभरती हुई आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कोविड महामारी के बाद प्रधानमंत्री मोदी की आर्थिक नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को तेजी से उबारने में मदद की है। शाह ने कहा कि यह बजट भारत को वैश्विक निवेश के लिए सबसे आकर्षक गंतव्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम है, जिसमें पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ नई तकनीक आधारित सेक्टर को भी प्राथमिकता दी गई है।
अमित शाह ने कहा कि बजट 2026-27 यह साबित करता है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल एक नारा नहीं बल्कि सरकार का ठोस संकल्प है। उन्होंने कहा कि बजट में हर क्षेत्र और हर नागरिक को सशक्त बनाने का स्पष्ट ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है, जिससे देश का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
उन्होंने बताया कि बजट में पूंजीगत व्यय के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जो देश के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। नए रेल कॉरिडोर, राष्ट्रीय जलमार्ग और बेहतर परिवहन नेटवर्क के जरिए टियर-2 और टियर-3 शहरों में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
गृह मंत्री ने कहा कि बजट में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है, जो देश के प्रमुख आर्थिक और जनसंख्या केंद्रों को जोड़ेंगे। इससे यात्रा का समय कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना’ की शुरुआत ऐतिहासिक कदम है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा कोकोनट प्रमोशन स्कीम से लगभग 3 करोड़ किसानों को फायदा होगा, जबकि काजू, कोको उत्पादन और चंदन संरक्षण से कृषि क्षेत्र को नया बल मिलेगा।
एमएसएमई सेक्टर को लेकर अमित शाह ने कहा कि 10 हजार करोड़ रुपए के ग्रोथ फंड के साथ सरकार छोटे और मध्यम उद्योगों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। यह फंड टियर-2 और टियर-3 शहरों के उद्योगों को पेशेवर सहायता और वित्तीय मजबूती देगा।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है। पशु चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने, वेटरनरी सेंटर और ट्रेनिंग सेंटर के विस्तार से डेयरी और पोल्ट्री सेक्टर को फायदा होगा। साथ ही मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए 500 सरोवरों के विकास का निर्णय लिया गया है।
पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में धोलावीरा सहित 15 पुरातात्विक स्थलों को सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। पूर्वोत्तर राज्यों में बौद्ध सर्किट, हिमालयी राज्यों में माउंटेन ट्रेल्स और तटीय राज्यों में टर्टल ट्रेल्स के विकास से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी की स्थापना से रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सरकार इंडस्ट्री और एजुकेशन के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दे रही है। औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर के पास यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा 15 हजार सेकेंडरी स्कूल और 500 कॉलेज में AVGC लैब स्थापित की जाएंगी।
अमित शाह ने कहा कि यह बजट युवाओं को नई तकनीकों और उद्योगों में अवसर देने वाला है। सेमीकंडक्टर, आईटी, टेक्सटाइल, हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म जैसे सेक्टर में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्कूल स्तर पर कंटेंट क्रिएशन ट्रेनिंग और सस्ते स्पोर्ट्स उपकरण उपलब्ध कराने जैसी पहल युवाओं को आगे बढ़ाने में मदद करेंगी।
कुल मिलाकर, विकसित भारत बजट 2026-27 देश को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक व्यापक विजन पेश करता है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को मजबूत आधार प्रदान करता है।
