महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दर्शन के लिए भक्तों की करीब चार किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई है। वाराणसी के मंदिर कॉरिडोर के चारों ओर गलियों, घाटों और सड़कों से लगातार श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मंगला आरती के बाद मात्र एक घंटे में लगभग 30 से 40 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके बाद से दर्शन का सिलसिला लगातार जारी है। सुबह 9 बजे तक दर्शनार्थियों की संख्या करीब चार लाख तक पहुंच गई।
महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के तहत 45 घंटे तक स्पर्श दर्शन बंद रखने का निर्णय लिया गया है। गंगा घाट से लेकर बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन मिल सकें।
