प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति Anandiben Patel ने जनपद मीरजापुर स्थित Maa Vindhyavasini University का भ्रमण कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, गर्ल्स हॉस्टल और प्रशासनिक भवन का दौरा कर भूतल एवं प्रथम तल पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर उन्होंने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को स्कूल बैग और पाठ्य पुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनसे संवाद भी किया। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में हरसिंगार सहित अन्य पौधों का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय भ्रमण के पश्चात कुलाधिपति ने प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री आशीष पटेल और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक की। बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों, संबद्ध महाविद्यालयों, पुस्तकालय, शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ की उपलब्धता पर चर्चा की गई। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति, स्वीकृत एवं व्ययित धनराशि की भी जानकारी ली गई।
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के सुचारु संचालन हेतु सहायक अध्यापकों एवं आवश्यक स्टाफ की मांग का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। साथ ही विद्यार्थियों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कौशल विकास केंद्र एवं इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि स्टार्टअप के माध्यम से छात्र-छात्राएं आत्मनिर्भर बन सकें।
