रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आकाशवाणी के माध्यम से अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में देशवासियों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम को मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में सामूहिक विवाह सम्मेलन के कार्यक्रम स्थल पर टेलीविजन के माध्यम से सुना।
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान दिवस पर होने वाले विशेष कार्यक्रमों का उल्लेख किया, साथ ही वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देश भर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर पर धर्मध्वजा के आरोहण के विषय में भी उन्होंने बात की।
प्रधानमंत्री ने हैदराबाद में दुनिया की सबसे बड़ी लीप इंजन एमआरओ फैसिलिटी के उद्घाटन को देश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने भारतीय नौसेना की उपलब्धियों और कृषि क्षेत्र में देश की तरक्की का भी जिक्र किया। कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी, इसरो की ड्रोन प्रतियोगिता ‘चंद्रयान-3’ की सफलता, रामबन सुलाई हनी को जीआई टैग मिलने और भारत में हनी प्रोडक्शन में बने नए रिकॉर्ड्स पर भी उन्होंने विस्तार से बात की।
इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में महाभारत अनुभव केंद्र, यूरोप के लातविया में यादगार गीता महोत्सव, गुजरात के नवानगर के जाम साहब महाराजा दिग्विजय सिंह के महान कार्यों और नेचुरल फार्मिंग पर भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने दक्षिण भारत में नेचुरल फार्मिंग, काशी तमिल संगम, आईएनएस ‘माहे’ को भारतीय नौसेना में शामिल किए जाने, नौसेना से जुड़े टूरिज्म, विंटर टूरिज्म, विंटर गेम्स और ‘वीड इन इंडिया’ अभियान का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने भगवान बुद्ध के पावन अवशेषों को लेकर दुनियाभर के लोगों में गहरी आस्था, ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने और भारतीय महिला टीम की आईसीसी महिला विश्व कप में जीत जैसी उपलब्धियों को भी सराहा। उन्होंने टोक्यो में डेफ-ओलिंपिक में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, महिला खिलाड़ियों की कबड्डी वर्ल्ड कप में जीत, वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन, महिला टीम की ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप में जीत, इंड्यूरेंस स्पोर्ट्स की नई खेल संस्कृति और ‘फिट इंडिया संडेस ऑन साइकिल’ जैसी गतिविधियों का भी जिक्र किया।
इस अवसर पर केंद्रीय संचार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय राज्य मंत्री जनजातीय मामले दुर्गादास उईके, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के उपाध्यक्ष मोहन नागर एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
