जबलपुर के गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में 25 मार्च से 5 अप्रैल तक आयोजित होने वाले भव्य पुस्तक मेले की तैयारियां प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को निजी स्कूलों और पुस्तक विक्रेताओं की सांठगांठ से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह लगातार तीसरा वर्ष है जब जिला प्रशासन इस मेले का आयोजन कर रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रतिस्पर्धी और न्यूनतम दरों पर पाठ्य पुस्तकें, कॉपियां और गणवेश उपलब्ध कराने की इस अभिनव पहल की शुरुआत वर्ष 2024 में जबलपुर जिले से ही हुई थी, जो अब एक सफल परंपरा बन चुकी है। इस वर्ष भी मेले में पिछले साल की तरह ‘बुक बैंक’ का विशेष स्टॉल लगाया जाएगा, जहां नागरिक और पुराने छात्र अपनी पुरानी पुस्तकें दान कर सकेंगे, जिन्हें रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को नाम मात्र के शुल्क पर प्रदान किया जाएगा।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए शैक्षणिक सामग्रियों, स्कूल बैग और यूनिफॉर्म के स्टॉल्स के साथ-साथ विभिन्न व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे और प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मेले के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं, जिसमें संपूर्ण व्यवस्था का प्रभारी जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत को बनाया गया है। वहीं, आयोजन स्थल पर कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सुविधाओं की निगरानी का दायित्व एसडीएम आधारताल पंकज मिश्रा को सौंपा गया है। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि शिक्षा से जुड़ी हर सामग्री आम जनता को बिना किसी आर्थिक बोझ के सुलभ हो सके।
