छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया जनजातीय खेलों के आठवें दिन आज हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स और तीरंदाजी की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। रायपुर में खेले गए महिला हॉकी के फाइनल मुकाबले में ओडिशा ने मिजोरम को एक-शून्य से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में झारखंड ने मध्य प्रदेश को चार-शून्य से मात देकर कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष हॉकी का खिताबी मुकाबला आज रायपुर में ही झारखंड और ओडिशा के बीच खेला जा रहा है। फुटबॉल के मैदान पर छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने रोमांचक सेमीफाइनल में अरुणाचल प्रदेश को तीन-दो से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका सामना पश्चिम बंगाल से होगा। पश्चिम बंगाल ने दूसरे सेमीफाइनल में गोवा को पांच-दो से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
जगदलपुर में आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में आज खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में झारखंड की शिवानी कुमार ने, 800 मीटर में कर्नाटक की नांगिनी ने और 10 किलोमीटर पैदल चाल में झारखंड की नेहा खलखो ने स्वर्ण पदक जीता। ऊंची कूद में ओडिशा की दीपा किसान और भाला फेंक में ओडिशा की ही धनमती ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पुरुषों के वर्ग में ओडिशा के रोशन खड़िया ने 400 मीटर बाधा दौड़ और दवानिधि मुंडा ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीते, जबकि कर्नाटक के दशरथ तलवार ने 10 किलोमीटर पैदल चाल में बाजी मारी। आज की एथलेटिक्स स्पर्धाओं में ओडिशा ने चार और झारखंड ने दो स्वर्ण पदक जीते।
पदक तालिका की बात करें तो कर्नाटक 21 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 36 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। ओडिशा कुल 43 पदकों (17 स्वर्ण, 10 रजत और 16 कांस्य) के साथ दूसरे और झारखंड 19 पदकों (9 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर है। छत्तीसगढ़ में 25 मार्च से शुरू हुए इन खेलों का समापन 3 अप्रैल को होगा। इस आयोजन में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के तीन हजार से अधिक एथलीट सात मुख्य खेलों और दो प्रदर्शन खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
