रिलायंस इंडस्ट्रीज के नए पूर्णकालिक निदेशक बने अनंत अंबानी, कंपनी में नेतृत्व की भूमिका में आएंगे नजर

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अनंत अंबानी को कंपनी का पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई

रिलायंस इंडस्ट्रीज के नए पूर्णकालिक निदेशक बने अनंत अंबानी, कंपनी में नेतृत्व की भूमिका में आएंगे नजर

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अनंत अंबानी को कंपनी का पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि बोर्ड ने ह्यूमन रिसोर्सेज, नॉमिनेशन और रिम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश पर 1 मई 2025 से अनंत अंबानी की नियुक्ति को स्वीकृति दी है। यह नियुक्ति पांच वर्षों के लिए होगी और अब इसे शेयरधारकों की अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है। अनंत अंबानी फिलहाल रिलायंस इंडस्ट्रीज के नॉन-एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर जुड़े हुए हैं, लेकिन अब वे कंपनी के कार्यकारी नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आएंगे।

अनंत अंबानी पहले से ही रिलायंस ग्रुप की कई महत्वपूर्ण कंपनियों के बोर्ड का हिस्सा हैं। वे मार्च 2020 से जियो प्लेटफॉर्म्स, जून 2021 से रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी तथा मई 2022 से रिलायंस रिटेल वेंचर्स के बोर्ड में शामिल हैं। इसके अलावा, सितंबर 2022 से वे रिलायंस फाउंडेशन के भी बोर्ड मेंबर हैं और सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़े हुए हैं।

रिलायंस परिवार में जिम्मेदारियों का बंटवारा पहले से ही बड़े स्तर पर हो चुका है। अगस्त 2023 में अनंत, ईशा और आकाश अंबानी को कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने के प्रस्ताव को बोर्ड ने स्वीकृति दी थी, जिसे अक्टूबर 2023 में शेयरधारकों ने भी हरी झंडी दे दी थी। आकाश अंबानी जहां 2022 से रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन का पद संभाल रहे हैं, वहीं ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत हैं। अब अनंत अंबानी भी कंपनी के कार्यकारी नेतृत्व में शामिल होकर एक नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। गौरतलब है कि अनंत ने अमेरिका की प्रतिष्ठित ब्राउन यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है।

अनंत अंबानी का एक और महत्वपूर्ण पहलू उनका पशु कल्याण के प्रति गहरा लगाव है। वे दुनिया के सबसे बड़े पशु पुनर्वास और संरक्षण केंद्र वनतारा के संस्थापक हैं, जो गुजरात के जामनगर में स्थित है। इस केंद्र में 2,000 से अधिक प्रजातियों के करीब 1.5 लाख से अधिक बचाए गए जानवरों को आश्रय मिला है, जहां उनका संरक्षण और पुनर्वास बड़े स्तर पर किया जाता है। अनंत का यह कार्य न सिर्फ उनके व्यक्तित्व को दर्शाता है, बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को भी उजागर करता है।